राम मंदिर ट्रस्ट का स्पष्टीकरण: दान, चढ़ावा और खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया
ट्रस्ट बोला— 3,264 करोड़ रुपये दान प्राप्त, 2,370 करोड़ रुपये निर्माण कार्य पर खर्च; शेष राशि बैंक खातों में सुरक्षित, चांदी की भेंटों का भी दिया विवरण

अयोध्या/सब तक एक्सप्रेस।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मंदिर निर्माण, दान, चढ़ावे और खर्च को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। ट्रस्ट ने कहा कि दान और चढ़ावे के संबंध में उठे सवालों के बीच पूरी वित्तीय स्थिति पारदर्शी तरीके से सार्वजनिक की जा रही है।
ट्रस्ट के अनुसार, निधि समर्पण अभियान और कॉर्पस दान के माध्यम से अब तक कुल 3,264 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2,370 करोड़ रुपये मंदिर निर्माण एवं अन्य पूंजीगत कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं।
विज्ञप्ति में बताया गया कि मंदिर निर्माण के बाद 31 मार्च 2026 तक कुल 482 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ। इसमें से 391 करोड़ रुपये मंदिर संचालन, व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक खर्चों पर उपयोग किए गए हैं, जबकि शेष राशि ट्रस्ट के बैंक खातों में सुरक्षित है।
ट्रस्ट ने बताया कि मंदिर को अब तक कुल 2,926 भेंटें प्राप्त हुई हैं, जिनका पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखा गया है। श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चांदी की वस्तुओं को सरकारी टकसाल में गलवाकर चांदी की छड़ें तैयार कराई गई हैं, जिनका पूरा विवरण, वजन और प्रमाणपत्र उपलब्ध हैं।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि चढ़ावे की गणना प्रक्रिया में सामने आई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है और कार्रवाई जारी है। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रस्ट ने कहा कि मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे तथा श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।



