बिहार

आरा कस्टम अफसर हत्याकांड: सिक्किम से बंगाल तक भागते रहे आरोपित, दमदम एयरपोर्ट से चंदन सिंह गिरफ्तार

आरा, बिहार। भोजपुर जिले में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपित चंदन सिंह और उसके साथी अभिषेक यादव को पश्चिम बंगाल के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। वहीं, तीसरे आरोपित टीपू सिंह को आरा से पकड़ा गया है। पुलिस अब हत्या में शामिल तीन शूटरों की तलाश कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बुधवार को बताया कि रामकुमार सिंह की हत्या 15 अक्टूबर की सुबह आरा के नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में की गई थी। घटना के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई थी। जांच अभियान में पटना एसटीएफ की भी मदद ली गई।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित चंदन सिंह और अभिषेक यादव गिरफ्तारी से बचने के लिए सिलीगुड़ी और गंगटोक के होटलों में नाम बदलकर रह रहे थे। पुलिस की दबिश बढ़ने पर दोनों हवाई जहाज से पश्चिम बंगाल चले गए। इसके बाद पुलिस ने दमदम एयरपोर्ट पर तलाशी अभियान तेज किया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय भी वे अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे।

जमीन विवाद में हत्या की साजिश का आरोप

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हत्या की साजिश करीब 20 दिन पहले रची गई थी। सिंगही गांव की जमीन पर रामकुमार सिंह का वर्ष 2006 से कब्जा बताया गया है। पुलिस का कहना है कि जमीन पर दखल-कब्जे को लेकर विवाद के कारण चंदन सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पूछताछ में तीन शूटरों को सुपारी देकर बुलाने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी पहचान और ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

बैंक खातों और मोबाइल खरीद की जांच

अनुसंधान में पता चला है कि वारदात से तीन-चार दिन पहले चंदन सिंह ने अपने बैंक खाते से पांच लाख रुपये निकाले थे। उसकी पत्नी चांदनी के खाते में भी रुपये स्थानांतरित किए गए थे। पुलिस इन लेनदेन का संबंध हत्याकांड से जोड़कर जांच कर रही है। वारदात से पहले करीब 12 हजार रुपये में नया मोबाइल फोन और सिम कार्ड खरीदे जाने की जानकारी भी मिली है। पुलिस को संदेह है कि इनका इस्तेमाल पुलिस से बचने के लिए किया गया होगा।

घर से पिस्टल बरामद, शूटरों की तलाश जारी

पुलिस ने चंदन सिंह के घर पर छापामारी के दौरान एक पिस्टल बरामद की है। हालांकि, इसका इस्तेमाल रामकुमार सिंह की हत्या में हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस चंदन सिंह की पत्नी की संभावित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

तीसरे आरोपित टीपू सिंह को आरा से पकड़ा गया है। वह सरकारी अमीन बताया जा रहा है। इससे पहले मनोज सिंह उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब मामले में फरार तीनों शूटरों को पकड़ने के लिए लगातार छापामारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button