क्राइम

मुंबई में पुलिसकर्मी को बोनट पर 200 मीटर तक घसीटने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार, शराब के नशे में थे युवक

मुंबई, महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के कलंबोली इलाके में ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कार के बोनट पर करीब 200 मीटर तक घसीटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों सोहम कुमावत (22) और सोजल तायडे (23) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। एक आरोपी जलगांव से गिरफ्तार हुआ, जबकि दूसरे को अहिल्यानगर जिले के पारनेर से हिरासत में लिया गया।

नाकाबंदी के दौरान हुई थी घटना

यह मामला 8 नवंबर का है। कलंबोली में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान ट्रैफिक कॉन्स्टेबल दिलीप भोई ने एक कार को रुकने का संकेत दिया था। आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और कॉन्स्टेबल को टक्कर मार दी। इसके बाद कॉन्स्टेबल कार के बोनट पर आ गए। आरोपी उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

शराब पीकर चला रहे थे कार

जांचकर्ताओं के अनुसार, कार सोहम कुमावत चला रहा था और सोजल तायडे उसके साथ बैठा था। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शराब पी रखी थी। नाकाबंदी देखकर उन्हें डर था कि पुलिस की जांच में उनके नशे में होने का खुलासा हो जाएगा। इसी वजह से चालक ने कार रोकने के बजाय भागने की कोशिश की।

कार पर लिखा था प्रेस

जांच के दौरान एक और जानकारी सामने आई कि जिस कार से घटना को अंजाम दिया गया, उस पर ‘PRESS’ लिखा हुआ था। हालांकि, पुलिस ने साफ किया कि वाहन का इस्तेमाल पत्रकारिता से जुड़े काम के लिए नहीं किया जा रहा था। बताया गया कि सोहम के पिता जलगांव के एक स्थानीय समाचार चैनल से जुड़े हैं।

14 नवंबर को हुई गिरफ्तारी

कलंबोली पुलिस ने शनिवार, 14 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक दिलीप चौहान के कार्यभार संभालने के 24 घंटे के भीतर हुई। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button