पीएम मोदी कल लखनऊ में, 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी भी रहेंगे मौजूद, राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स को किया जाएगा सम्मानित

लखनऊ ब्यूरो | सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल राजधानी लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के ‘कौशल भारत, कुशल भारत’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। समारोह के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 52 टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इनमें उत्तर प्रदेश के 6 प्रशिक्षार्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने बेहतर प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया है।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में आयोजित होने वाले इस समारोह को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।




