जींद में कन्या गुरुकुल से 1.15 करोड़ रुपये की कथित ठगी, 20 गुना चंदा दिलाने का दिया था झांसा

जींद, हरियाणा। जिले के शादीपुर स्थित कन्या गुरुकुल से चंदा दिलाने के नाम पर एक करोड़ 15 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने गुरुकुल प्रबंधन को सिक्योरिटी राशि जमा करने के बदले 20 गुना चंदा दिलाने का भरोसा दिया था। रकम जमा करने के बाद न तो गुरुकुल को चंदा मिला और न ही जमा राशि वापस की गई। जुलाना थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जून 2023 में हुआ था संपर्क
गुरुकुल शिक्षा समिति के प्रधान महेंद्र ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि जून 2023 में समिति के सहसचिव रणबीर ने उन्हें करनाल के मॉडल टाउन निवासी देवेंद्र चौहान के बारे में जानकारी दी थी। बताया गया था कि देवेंद्र अपनी कंपनियों के माध्यम से संस्थाओं को चंदा दिलवाता है।
एक सप्ताह में चंदा दिलाने का दिया भरोसा
शिकायत के अनुसार, जुलाई 2023 में देवेंद्र अपने दो साथियों के साथ गुरुकुल पहुंचा था। उसने गुरुकुल की चारदीवारी और अन्य निर्माण कार्यों के लिए चंदा दिलाने की बात कही। इसके बदले कंपनी के खाते में सिक्योरिटी राशि जमा करने को कहा गया।
दो कंपनियों के खातों में भेजी रकम
17 और 18 जुलाई को दिल्ली के नेहरू पैलेस में फरीदाबाद निवासी राजीव शर्मा के साथ बैठक करवाई गई। इसके बाद गुरुकुल के खाते से 24 जुलाई को एक करोड़ रुपये और 25 जुलाई को 15 लाख रुपये विनित एंटरप्राइज और पूजा ट्रेडर्स के खातों में भेजे गए।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत के मुताबिक, रकम वापस मांगने पर आरोपी पहले आश्वासन देते रहे, लेकिन बाद में उनके फोन बंद मिलने लगे। गुरुकुल प्रबंधन ने पुलिस से रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने देवेंद्र चौहान, राजीव शर्मा, मुकेश कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।




