कभी पाकिस्तानी सेना में थे कैप्टन, अब बीएलए की संभालेंगे कमान; रहमान गुल की नियुक्ति से बढ़ी हलचल

नई दिल्ली, दिल्ली। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में जारी संघर्ष के बीच बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने अपने नए कमांडर-इन-चीफ के नाम का ऐलान किया है। संगठन ने पूर्व पाकिस्तानी सैन्य कैप्टन रहमान गुल को यह जिम्मेदारी सौंपी है। गुल का अतीत काफी चर्चा में है, क्योंकि वह कभी पाकिस्तानी सेना में रहकर वजीरिस्तान में पाकिस्तानी तालिबान के खिलाफ लड़ चुके हैं। अब वह उसी देश के खिलाफ सक्रिय विद्रोही संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं।
रहमान गुल को ‘मुरीद’ के नाम से भी जाना जाता है। वह इससे पहले बीएलए की आत्मघाती हमलावर इकाई ‘मजीद ब्रिगेड’ के प्रमुख रह चुके हैं। संगठन के प्रवक्ता जियांद बलूच ने बताया कि वरिष्ठ कमांड परिषद ने विभिन्न नेताओं और कमांडरों से चर्चा करने के बाद सर्वसम्मति से गुल को नया कमांडर नियुक्त किया है।
बशीर जेब की जगह मिली जिम्मेदारी
रहमान गुल ने बशीर जेब की जगह ली है। बीएलए ने तीन नवंबर को बशीर जेब को पद से हटाने की घोषणा की थी। इसके बाद संगठन के नेतृत्व में बदलाव की प्रक्रिया पूरी की गई। शनिवार को गुल की नियुक्ति का ऐलान किया गया।
2002 में पाकिस्तानी सेना में हुए थे शामिल
अमेरिका स्थित जेम्सटाउन फाउंडेशन की जानकारी के अनुसार, रहमान गुल वर्ष 2002 में पाकिस्तानी सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में लगभग आठ वर्षों तक काम किया। वह पाकिस्तान सैन्य अकादमी के 109वें लॉन्ग कोर्स का भी हिस्सा रहे थे। बाद में उन्होंने सेना छोड़ दी और बीएलए से जुड़ गए। सेना छोड़ने के करीब 16 साल बाद अब वह पाकिस्तान के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व कर रहे हैं।
बलूचिस्तान में जारी है संघर्ष
गुल को बीएलए की कमान ऐसे समय मिली है, जब बलूचिस्तान में सुरक्षा स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। पाकिस्तानी सेना ने बताया कि तीन नवंबर से प्रांत के अलग-अलग हिस्सों में चलाए गए अभियानों में 31 आतंकियों को मार गिराया गया।
वहीं, ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 की तीसरी तिमाही में पाकिस्तान में हिंसा से हुई कुल मौतों में करीब 59 प्रतिशत मौतें बलूचिस्तान में हुईं। ऐसे हालात में बीएलए के नेतृत्व में हुआ यह बदलाव प्रांत के मौजूदा संघर्ष के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




