टॉप न्यूज़

दीपावली पर पटाखों का कहर, मध्य प्रदेश में 12 लोगों की मौत; दिल्ली में 300 से ज्यादा घायल, कई राज्यों में मातम

नई दिल्ली, दिल्ली। दीपावली पर देशभर में हुई आतिशबाजी कई परिवारों के लिए दर्दनाक साबित हुई। पटाखों से लगी आग, धमाकों और छर्रों की चपेट में आने से देशभर में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए। मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिलों में दो अलग-अलग मकानों में आग लगने से 12 लोगों की जान चली गई। दिल्ली में भी पटाखों से झुलसने और घायल होने के करीब 300 मामले सामने आए।

मध्य प्रदेश में दो कारोबारी परिवारों के 12 लोगों की मौत

कटनी जिले के बरही कस्बे में कारोबारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में रविवार की मध्य रात्रि के बाद आग लग गई। मकान के पहले तल पर स्थित क्राकरी की दुकान से शुरू हुई आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। परिवार के सदस्य आग में फंस गए। इस हादसे में दो माह के बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गई।

दूसरी घटना सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में हुई। यहां सराफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार तड़के करीब चार बजे आग लग गई। हादसे के समय परिवार के 10 सदस्य सो रहे थे। आग में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को बचा लिया गया। मकान के दरवाजों पर लगे चैनल गेट बंद होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई।

दिल्ली के अस्पतालों में पहुंचे सैकड़ों घायल

दिल्ली में पटाखों से झुलसे लोगों के कारण अस्पतालों में भारी भीड़ रही। सफदरजंग अस्पताल में 135, एम्स में 42 और आकाश हेल्थकेयर में 15 मरीज पहुंचे। एम्स में 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे, पांच की सर्जरी हुई। आठ वर्षीय एक बच्चे का करीब 45 प्रतिशत शरीर झुलस गया।

उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हादसे

उत्तर प्रदेश में मेरठ, फतेहपुर और फर्रुखाबाद में अलग-अलग घटनाओं में तीन बच्चों की मौत हुई। पंजाब के जालंधर और लुधियाना में दो लोगों की जान गई। राजस्थान के बूंदी और बीकानेर में भी दो बच्चों की मौत हुई।

हरियाणा के जींद में पटाखे का छर्रा गर्दन में लगने से एक महिला की मौत हो गई। बिहार में आग की घटनाओं में एक वृद्धा की जान गई। उत्तराखंड और ओडिशा में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

जम्मू की अनाज मंडी में आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगने पर सात दुकानें और गोदाम जल गए। इन घटनाओं ने दीपावली के दौरान लापरवाही से आतिशबाजी करने के गंभीर परिणाम सामने रखे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button