बिजनेस

सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के नए रेट जारी: HUL ने 11% तक बढ़ाई कीमतें, देखें पूरी लिस्ट

नई दिल्ली, दिल्ली। रोजमर्रा के घरेलू खर्च में अब कपड़े धोने वाले डिटर्जेंट का खर्च भी बढ़ने वाला है। हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अपने प्रमुख डिटर्जेंट ब्रांड सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के कई उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने अलग-अलग पैक आकार के हिसाब से अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में 1 रुपये से 10 रुपये तक का इजाफा किया है। कुछ उत्पादों पर यह बढ़ोतरी 11 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

कीमतों में इस बदलाव के पीछे कच्चे माल और अन्य इनपुट की बढ़ती लागत को प्रमुख वजह बताया गया है। कंपनी लागत के दबाव के बीच अपने लाभ मार्जिन को बनाए रखने के लिए कीमतों में बदलाव कर रही है। एचयूएल की एमडी और सीईओ प्रिया नायर ने पिछले महीने कहा था कि कंपनी कच्चे माल की लागत में होने वाले उतार-चढ़ाव के आधार पर सोच-समझकर कीमतें बढ़ाती रहेगी। उनके मुताबिक, जिंसों की ऊंची महंगाई चुनौती बनी हुई है, हालांकि बाजार में मांग मजबूत है।

सर्फ एक्सेल क्विक वॉश के दाम में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

सर्फ एक्सेल क्विक वॉश के एक किलोग्राम पैक की कीमत 235 रुपये से बढ़ाकर 245 रुपये कर दी गई है। यानी इस पैक पर 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसका 500 ग्राम पैक भी 123 रुपये से महंगा होकर 128 रुपये का हो गया है।

सर्फ एक्सेल ईजी वॉश के एक किलोग्राम पैक का दाम 167 रुपये से बढ़कर 172 रुपये हो गया है। वहीं, 500 ग्राम वाले पैक की कीमत 85 रुपये से बढ़ाकर 87 रुपये कर दी गई है।

सर्फ एक्सेल बार की कीमतों में भी बदलाव हुआ है। 250 ग्राम वाले बार का नया दाम 45 रुपये है, जबकि पहले यह 42 रुपये में मिलता था। चार बार वाले पैक में प्रत्येक बार का वजन 200 ग्राम है। इस पैक की कीमत 145 रुपये से बढ़ाकर 155 रुपये कर दी गई है।

रिन के नए रेट

रिन आला के 500 मिलीलीटर पैक की कीमत 90 रुपये से बढ़ाकर 95 रुपये कर दी गई है। रिन डिटर्जेंट पाउडर के एक किलोग्राम पैक का दाम 120 रुपये से बढ़कर 123 रुपये हो गया है। इसके 500 ग्राम पैक की कीमत भी 61 रुपये से बढ़ाकर 63 रुपये कर दी गई है।

व्हील पाउडर भी हुआ महंगा

व्हील डिटर्जेंट पाउडर के एक किलोग्राम पैक की कीमत 90 रुपये से बढ़ाकर 93 रुपये कर दी गई है। वहीं, 500 ग्राम पैक का नया दाम 47 रुपये है, जो पहले 46 रुपये था।

मोती गुलाब साबुन की कीमत में भी इजाफा

एचयूएल ने केवल डिटर्जेंट ही नहीं, बल्कि मोती गुलाब साबुन की कीमत भी बढ़ाई है। इसके 150 ग्राम पैक का दाम 74 रुपये से बढ़ाकर 82 रुपये कर दिया गया है। इस उत्पाद की कीमत में 8 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

घरेलू बजट पर पड़ेगा असर

सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील जैसे उत्पादों का इस्तेमाल बड़ी संख्या में घरों में होता है। ऐसे में इनकी कीमतों में बदलाव का असर उपभोक्ताओं के नियमित घरेलू खर्च पर पड़ सकता है। कंपनी की यह मूल्य वृद्धि ऐसे समय हुई है, जब एफएमसीजी क्षेत्र की कंपनियां कच्चे माल की लागत और प्रतिस्पर्धी बाजार के बीच कीमतों और बिक्री के संतुलन पर ध्यान दे रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button