क्राइम

वाराणसी में रेलवे निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, अभियंता से मारपीट, बुलडोजर से कुलचने की कोश‍िश का आरोप

वाराणसी के नक्खीघाट में अतिक्रमण हटाने पहुंची रेलवे की टीम से विवाद, अभियंता पर हमले का आरोप; क्रॉस केस दर्ज

वाराणसी, उत्तर प्रदेश। रेलवे की निर्माणाधीन परियोजना के लिए अतिक्रमण हटाने के दौरान जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खीघाट में बुधवार को विवाद हो गया। कार्रवाई का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों के बीच मारपीट और पथराव का आरोप है। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो रहा था निर्माण

रेलवे की वाराणसी-दीनदयाल उपाध्याय मिड सेक्शन डाउनलाइन परियोजना के अंतर्गत नक्खीघाट स्थित ब्रिज संख्या-20 के पास पाइलिंग का कार्य कराया जा रहा है। परियोजना के लिए निर्धारित जमीन पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।

रेलवे की ओर से संबंधित पक्ष को तीन बार नोटिस जारी कर जगह खाली करने को कहा गया था। इसके बावजूद जगह खाली नहीं होने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई।

कार्रवाई के दौरान अभियंता से मारपीट का आरोप

संयुक्त टीम ने बुधवार को स्थल का निरीक्षण करने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्यदायी संस्था एमएलसीसी-मारुति जेवी के वरिष्ठ अभियंता महेंद्र कुमार योगी ने आरोप लगाया कि विशाल सोनकर ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

अभियंता के मुताबिक, विशाल और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की तथा ईंट-पत्थरों से हमला किया। घटना में उन्हें चोटें आईं और रेलवे परियोजना का काम बाधित हुआ।

स्थानीय निवासी ने लगाए गंभीर आरोप

नक्खीघाट निवासी विशाल सोनकर ने अपनी शिकायत में बताया कि आराजी संख्या 48/1 स्थित प्लाट पर उसका कब्जा है। आरोप है कि 25 नवंबर की शाम करीब पांच बजे महेंद्र सिंह योगी अपने साथियों के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे और बिना पूर्व सूचना के बाउंड्रीवाल तोड़ने लगे।

विशाल का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बुलडोजर से कुचलने का प्रयास किया गया। उसने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस से मदद मांगी।

पुलिस कर रही दोनों पक्षों के आरोपों की जांच

जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभियंता और स्थानीय निवासी की शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button