बिजनेस

विदेश यात्रा पर रोमिंग की टेंशन खत्म! अब सीधे WhatsApp से खरीद सकेंगे Travel eSIM, Jio भी बना पार्टनर

WhatsApp Travel eSIM: विदेश में इंटरनेट चलाना होगा आसान, ऐप से सीधे खरीद सकेंगे डेटा प्लान; जियो से हुई साझेदारी

नई दिल्ली, दिल्ली। विदेश यात्रा के दौरान मोबाइल इंटरनेट और अंतरराष्ट्रीय रोमिंग की चिंता करने वाले लोगों के लिए व्हाट्सएप नई सुविधा लेकर आ रहा है। मेटा के स्वामित्व वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने गुरुवार को घोषणा की कि वह जल्द ही अपने उपयोगकर्ताओं को ऐप के भीतर से ट्रैवल डेटा ई-सिम खरीदने और इंस्टॉल करने की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

व्हाट्सएप से ही पूरी होगी ई-सिम खरीदने की प्रक्रिया

नई सुविधा के तहत उपयोगकर्ता अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए सीधे व्हाट्सएप से डेटा ई-सिम खरीद सकेंगे। इसकी खरीद और इंस्टॉलेशन के लिए उन्हें किसी अन्य ऐप पर जाने की जरूरत नहीं होगी।

ई-सिम एक डिजिटल सिम होती है, जिसके इस्तेमाल के लिए फोन में अलग से फिजिकल सिम लगाने की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि, इसके लिए मोबाइल फोन का ई-सिम तकनीक को सपोर्ट करना जरूरी है।

विदेश में भी नहीं बदलना पड़ेगा व्हाट्सएप नंबर

व्हाट्सएप की नई सुविधा का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि उपयोगकर्ता विदेश पहुंचने के बाद भी अपने पुराने मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप चला सकेंगे। डेटा ई-सिम के माध्यम से इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलने पर वे अपने परिचित व्हाट्सएप अकाउंट का इस्तेमाल जारी रख सकेंगे।

रिलायंस जियो भी बनी साझेदार

व्हाट्सएप ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि इस सेवा को शुरू करने के लिए उसने दुनिया की कई प्रमुख दूरसंचार कंपनियों और ई-सिम सेवा प्रदाताओं के साथ साझेदारी की है।

इन कंपनियों में भारत की रिलायंस जियो के अलावा स्मार्ट एक्सियाटा, स्मार्ट कम्युनिकेशंस और वेरिजॉन शामिल हैं।

चुनिंदा देशों से होगी शुरुआत

कंपनी जल्द ही चुनिंदा देशों में इस नई सेवा को शुरू करेगी। हालांकि, किन देशों में सबसे पहले यह सुविधा उपलब्ध होगी, इसकी आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं की गई है।

कीमतों की घोषणा का इंतजार

व्हाट्सएप ने अभी ट्रैवल ई-सिम के डेटा पैकेजों, उनकी कीमतों और वैधता अवधि के बारे में जानकारी नहीं दी है। ऐसे में यह सुविधा पारंपरिक अंतरराष्ट्रीय रोमिंग प्लान के मुकाबले कितनी किफायती होगी, इसका पता कीमतें सामने आने के बाद ही चलेगा। नई सुविधा से विदेश यात्रा के दौरान इंटरनेट कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button