हरियाणा: 7 साल की मासूम से दरिंदगी व हत्या के दोषी को सजा-ए-मौत, BNS के तहत राज्य में दूसरी फांसी

यमुनानगर में बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के दोषी को मृत्युदंड, अदालत ने सुनाया 80 पन्नों का फैसला
यमुनानगर, हरियाणा। सात वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में यमुनानगर की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने गुरुवार को दोषी नरेश राम को फांसी की सजा सुनाई। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए मामले को ‘रेयर ऑफ द रेयरेस्ट’ श्रेणी में माना। भारतीय न्याय संहिता लागू होने के बाद प्रदेश में मृत्युदंड सुनाए जाने का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है।
बिहार का रहने वाला है दोषी
दोषी 31 वर्षीय नरेश राम बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही गांव का रहने वाला है। वह यमुनानगर के बूड़िया गांव में लेबर क्वार्टर में रहकर मजदूरी करता था।
फास्ट ट्रैक अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजना अग्रवाल ने दोषी को तीन अलग-अलग धाराओं के तहत सजा सुनाई है। इसके साथ ही उस पर 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
बच्ची के पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
यह घटना 18 सितंबर 2024 को हुई थी। घटना के अगले दिन यानी 19 सितंबर को बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने जांच के बाद 30 अक्टूबर 2024 को अदालत में चालान पेश किया। इसके बाद 16 दिसंबर को आरोप तय किए गए और मामले की सुनवाई आगे बढ़ी।
डीएनए और सीसीटीवी फुटेज रहे महत्वपूर्ण साक्ष्य
मामले में डीएनए जांच, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य रहे। अदालती सुनवाई के दौरान कुल 70 तारीखें लगीं और 22 लोगों की गवाही दर्ज की गई।
अदालत ने गुरुवार को 80 पन्नों का विस्तृत फैसला सुनाते हुए दोषी को मृत्युदंड दिया।
बच्ची के माता-पिता को मिलेगा 15 लाख रुपये मुआवजा
अदालत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पीड़ित बच्ची के माता-पिता को 15 लाख रुपये मुआवजा देने के निर्देश भी दिए हैं।
फैसला सुनाते समय अदालत ने वसंता संपत दुपारे बनाम महाराष्ट्र राज्य और पुरुषोत्तम दशरथ बोराटे बनाम महाराष्ट्र राज्य के मामलों में दिए गए न्यायिक निर्णयों का भी उल्लेख किया।




