उत्तराखंडपॉलिटिक्स

उत्तराखंड चुनाव 2027: हरिद्वार में फिर बदलेंगे सियासी समीकरण? भाजपा, कांग्रेस और बसपा के बीच नए दल भी सक्रिय

देहरादून, उत्तराखंड। उत्तराखंड की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाला हरिद्वार जिला आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रदेश की सत्ता के समीकरणों में अहम भूमिका निभाने वाले इस जिले का चुनावी इतिहास काफी दिलचस्प रहा है। राज्य गठन के बाद हुए पांच विधानसभा चुनावों में यहां मतदाताओं का रुझान लगातार बदलता रहा है। कभी बहुजन समाज पार्टी का मजबूत प्रभाव रहा तो कभी भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त बनाई। वहीं, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया।

नए राजनीतिक दलों की सक्रियता से बढ़ी हलचल

आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार की राजनीतिक तस्वीर पिछले चुनावों से अलग हो सकती है। भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के साथ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) तथा जन निर्माण पार्टी भी अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही हैं।

नए दलों की सक्रियता के बीच जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। पिछले चुनावों के परिणाम भी हरिद्वार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों को दर्शाते हैं।

पहले दो विधानसभा चुनावों में बसपा रही आगे

उत्तराखंड में वर्ष 2002 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले की नौ सीटों में से पांच पर बसपा ने जीत दर्ज की थी। भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट मिली थी।

वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में बसपा का प्रदर्शन और बेहतर हुआ। पार्टी ने छह सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा को दो और कांग्रेस को एक सीट से संतोष करना पड़ा।

2012 में परिसीमन के बाद बदली राजनीतिक तस्वीर

वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव से पहले हुए परिसीमन के बाद हरिद्वार जिले में विधानसभा सीटों की संख्या नौ से बढ़कर 11 हो गई। इस चुनाव में भाजपा पांच सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। कांग्रेस और बसपा ने तीन-तीन सीटों पर जीत हासिल की।

2017 में भाजपा ने जीती थीं आठ सीटें

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने हरिद्वार में शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 में से आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के खाते में तीन सीटें आईं, जबकि बसपा अपना खाता भी नहीं खोल सकी थी।

2022 में कांग्रेस ने बदले चुनावी समीकरण

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा को तीन और बसपा को दो सीटें मिलीं। वहीं, एक निर्दलीय प्रत्याशी भी विधानसभा पहुंचने में सफल रहा।

अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में नए राजनीतिक दलों की सक्रियता के बीच मतदाताओं का समर्थन किसे मिलेगा, इसका फैसला चुनाव परिणामों से होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button