पीएम मोदी के लखनऊ दौरे पर कड़ी सुरक्षा, 4400 पुलिसकर्मी तैनात; दस घंटे बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार, 21 नवंबर को लखनऊ आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 4400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।
सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
प्रधानमंत्री विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है।
पुलिस के साथ पीएसी, आरआरएफ, एनएसजी और एटीएस की टीमें भी तैनात रहेंगी। ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री के काफिले का रिहर्सल भी किया गया।
तीन अस्पतालों में बनाए गए सेफ हाउस
स्वास्थ्य विभाग ने आपातस्थिति से निपटने के लिए लोकबंधु राजनारायण अस्पताल, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और एसजीपीजीआई में सेफ हाउस बनाए हैं।
इन अस्पतालों में करीब 50 डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीमें तैयार रखी गई हैं। आईसीयू, दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
दस घंटे प्रभावित रहेगा यातायात
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए गोमतीनगर, शहीद पथ, कमता, पॉलीटेक्निक चौराहा और अहिमामऊ के आसपास यातायात में बदलाव रहेगा।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की ओर जाने वाले कई मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
52 प्रतिभाशाली युवाओं का होगा सम्मान
पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में आईटीआई, एनएसटीआई और आईटीओटी के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।




