यूपी का विभाजन रोकने के लिए केंद्र की बड़ी तैयारी, विधानसभा में 500 सीटों की अधिकतम सीमा हटाने का प्रस्ताव

नई दिल्ली। केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों के परिसीमन को लेकर महत्वपूर्ण संवैधानिक बदलाव करने की तैयारी में है। प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक में राज्य विधानसभाओं में अधिकतम 500 सीटों की सीमा समाप्त करने के लिए विशेष प्रावधान किया जा सकता है। इसके पीछे देश के सर्वाधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश को विभाजन से बचाने की मंशा बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश में हो सकते हैं 605 विधायक
संविधान के अनुच्छेद 170 के तहत किसी राज्य की विधानसभा में अधिकतम 500 निर्वाचित सदस्य हो सकते हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा में 403 सीटें हैं। प्रस्तावित परिसीमन के तहत सीटों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि होने पर प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 605 हो सकती है।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश का विभाजन नहीं चाहती है। इसी कारण विधानसभा सीटों की अधिकतम सीमा से संबंधित संवैधानिक प्रावधान में बदलाव करने की तैयारी है।
लोकसभा की 120 सीटें होने की संभावना
परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या भी वर्तमान 80 से बढ़कर 120 हो सकती है। प्रस्ताव लागू होने पर उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य बन सकता है, जहां विधानसभा सदस्यों की संख्या 600 से अधिक होगी।
विधायकों की संख्या बढ़ने के कारण कई राज्यों को विधानसभा के नए भवन बनाने या मौजूदा भवनों का विस्तार करने की आवश्यकता पड़ सकती है।
तीन विधेयक लाने की तैयारी में सरकार
केंद्र सरकार इस प्रक्रिया से जुड़े तीन विधेयक लाने की तैयारी में है। इनमें दो संविधान संशोधन विधेयक शामिल होंगे, जिनका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना है। तीसरे विधेयक में राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किए जाने की बात कही गई है।
लोकसभा में हो सकते हैं अधिकतम 850 सदस्य
प्रस्तावित संविधान संशोधन में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने की बात भी शामिल है। इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 निर्वाचित सदस्य होंगे।
हालांकि, इन बदलावों का भविष्य संबंधित विधेयकों के पारित होने और परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने पर निर्भर करेगा। फिलहाल ये प्रस्तावित बदलाव हैं, लागू व्यवस्था नहीं।




