
विशेष संवाददाता – राम अनुज धर द्विवेदी
सब तक एक्सप्रेस
सोनभद्र। विश्व कल्याण की कामना को लेकर राबर्ट्सगंज नगर के आरटीएस क्लब मैदान में आयोजित श्रीरामचरित मानस नवाह्न परायण महायज्ञ का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर मानस पंडाल में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत नगर में श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
शोभायात्रा के दौरान भारत बैंड द्वारा प्रस्तुत श्रीराम के एक से बढ़कर एक भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। 108 भूदेव हाथों में भगवा ध्वज लिए शोभायात्रा में शामिल हुए। श्रीराम भक्त भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए “जय सिया राम” का गगनभेदी जयघोष करते चल रहे थे। मूर्ति विसर्जन के समय श्रीराम दरबार के दर्शन कर कई श्रद्धालु भावुक हो उठे।
इससे पूर्व बुधवार की रात्रि मानस पंडाल में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में अयोध्याधाम से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक हेमंत त्रिपाठी, मधुसूदन शास्त्री एवं मुरारी जी शास्त्री ने श्रीराम के राज्याभिषेक की कथा का मार्मिक वर्णन किया। कथावाचकों ने भगवान श्रीराम के पुष्पक विमान से माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, जामवंत, सुग्रीव एवं अंगद सहित अयोध्या आगमन तथा राज्याभिषेक की कथा को भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
मानस मंच से समिति के अध्यक्ष सत्यपाल जैन ने अध्यक्षीय संबोधन में नौ दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में लगे सभी पदाधिकारियों एवं समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शोभायात्रा में प्रमुख रूप से समिति अध्यक्ष सत्यपाल जैन, महामंत्री सुशील पाठक, शिशु त्रिपाठी, मिठाई लाल सोनी, धर्मवीर तिवारी, अजय शुक्ला, किशोर केडिया, अविनाश शुक्ला, पारब्रह्म सरदार, कृष्ण मुरारी गुप्ता, संगम गुप्ता, दीपक कुमार केसरवानी, विमलेश पटेल, राजेश जायसवाल, मनु पांडे, हर्षवर्धन, शुभम शुक्ला, प्रशांत जैन, रविंद्र पाठक, चंदन चौबे, मनीष केडिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



