उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजदिल्लीबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजराज्यराष्ट्रीयलखनऊसीतापुरसोनभद्र

लखनऊ में अशोक लेलैंड की ग्रीनफील्ड फैक्ट्री का उद्घाटन, इलेक्ट्रिक वाहनों पर रहेगा मुख्य फोकस

मुख्यमंत्री योगी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने किया संयंत्र का लोकार्पण

विशेष संवाददाता: शैलेन्द्र यादव | सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी और देश की अग्रणी वाणिज्यिक वाहन निर्माता अशोक लेलैंड ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ग्रीन मोबिलिटी पर आधारित अपने नवीनतम एकीकृत वाणिज्यिक वाहन संयंत्र का उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड फैक्ट्री का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारत सरकार के भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उद्यम मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री व वरिष्ठ मंत्री, विभिन्न देशों के राजनयिक, देश-विदेश के उद्योगपति, अशोक लेलैंड के वैश्विक डीलर, आपूर्तिकर्ता, साझेदार, हिंदुजा समूह और कंपनी का शीर्ष प्रबंधन मौजूद रहा।
लखनऊ एयरपोर्ट के पास सरोजिनी नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित यह संयंत्र 70 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है और इसे अशोक लेलैंड का वैश्विक स्तर पर सबसे उन्नत व टिकाऊ संयंत्र बताया जा रहा है। संयंत्र को सालाना 5,000 वाहनों के उत्पादन की क्षमता के साथ डिजाइन किया गया है, जिसमें मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों और विशेष रूप से इलेक्ट्रिक बसों के निर्माण पर जोर रहेगा।
अशोक लेलैंड के चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा कि यह संयंत्र उत्तर प्रदेश में कंपनी के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है, जो आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और दीर्घकालिक समृद्धि को बढ़ावा देगा। उन्होंने बताया कि यह परियोजना कंपनी के ‘नेट जीरो’ उत्सर्जन लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं, कंपनी के एमडी और सीईओ शेनू अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की हरित नीतियां और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता अशोक लेलैंड की ग्रीन मोबिलिटी यात्रा के अनुरूप हैं। आधुनिक तकनीक और उच्च स्तर के ऑटोमेशन से लैस यह संयंत्र स्वच्छ और भविष्य के लिए तैयार परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा।
उन्होंने बताया कि इस संयंत्र में कार्यरत अधिकांश कर्मचारी उत्तर प्रदेश के स्थानीय निवासी हैं और महिला कर्मचारियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय है।
ग्रीन फैसिलिटी के रूप में विकसित इस फैक्ट्री में रूफटॉप सोलर पैनल, ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइटिंग, बैटरी चालित इन-प्लांट लॉजिस्टिक्स, पॉजिटिव वाटर बैलेंस और जीरो डिस्चार्ज सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, यह संयंत्र उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राज्य व देश के लिए स्वच्छ, टिकाऊ और आधुनिक मोबिलिटी इकोसिस्टम विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!