उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने उमरिया का किया दौरा, मंदिर दर्शन के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा
भाजपा पदाधिकारियों से की मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर जताई सख्ती

ब्यूरो चीफ – राहुल शीतलानी, उमरिया:
उमरिया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला आज उमरिया जिले के दौरे पर पहुंचे। आगमन के बाद उन्होंने सबसे पहले सागरेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर चर्चा की गई।

दौरे के अंतिम चरण में उपमुख्यमंत्री जिला अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उनके दौरे से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना होगा कि दिए गए निर्देशों का असर जमीनी स्तर पर कितनी जल्दी दिखाई देता है।
— सब तक एक्सप्रेस



