
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। गुरुद्वारा आलमबाग में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भाई सतबीर सिंह द्वारा “आसा दी वार” के कीर्तन से हुई। इसके बाद दसमेश पब्लिक स्कूल, केकेएनएस गुरमत अकादमी के बच्चों तथा स्त्री सत्संग सभा द्वारा भावपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत किया गया।
लुधियाना से पधारे वीर ब्रिजेंद्र पाल ने गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन, त्याग और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए संगत को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। भाई निर्मल सिंह नागपुरी के कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। अवध प्रांत के संघ प्रचारक कौशल किशोर ने भी गुरु घर पहुंचकर मत्था टेका।
प्रकाश पर्व के अवसर पर एक निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 200 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और दवाइयां प्राप्त कीं। साथ ही सिख इतिहास पर आधारित एक पुस्तक मेले का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें संगत ने बड़ी संख्या में रुचि दिखाई।
मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि प्रधान निर्मल सिंह, राजेंद्र सिंह राजू एवं रतपाल सिंह गोल्डी के नेतृत्व में ज्ञानी गुरु दित्त सिंह फाउंडेशन का शुभारंभ किया गया है। इस फाउंडेशन के माध्यम से स्किल डेवलपमेंट के अंतर्गत सिलाई-कढ़ाई, टेलरिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, कंप्यूटर रिपेयरिंग जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
जनरल सेक्रेटरी रतपाल सिंह गोल्डी ने जानकारी दी कि निःस्वार्थ सेवा के लिए “सरदार कपूर सिंह सेवा अवॉर्ड” सरदार जसप्रीत सिंह को प्रदान किया गया। इसके साथ ही गुरुद्वारा आलमबाग के वरिष्ठ सदस्य अजीत सिंह द्वारा लिखित पुस्तक “शहादत दे 350 साल – 350 प्रश्न-उत्तर” का विमोचन भी प्रधान निर्मल सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में लखनऊ के विभिन्न गुरुद्वारों व जत्थेबंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। करीब 10,000 श्रद्धालुओं ने गुरु पर्व में सहभागिता की और अटूट लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। सीनियर वाइस प्रेसिडेंट त्रिलोक सिंह तुटेजा ने पधारी हुई संगत का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से निर्मल सिंह, रतपाल सिंह गोल्डी, हरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह राजू, भूपिंदर सिंह पिंडा, परमजीत सिंह, मनमोहन सिंह, इकबाल सिंह, डिंपल, परविंदर सिंह, त्रिलोक सिंह तुटेजा, इंदर मोहन सिंह चावला, सरबजीत सिंह, चरणजीत सिंह चन्ना सहित अन्य कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।
— सब तक एक्सप्रेस



