
आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हसवा चौकी के हसवा कस्बे में प्रेम प्रसंग के शक ने रिश्तों को खून से रंग दिया। सनकी युवक ने अपने ही दोस्त और सगी भाभी की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव में आई बहन को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हसवा कस्बा निवासी बब्लू की 25 वर्षीय पत्नी इकरा परवीन का उसके देवर दिलदार पुत्र अस्मत के दोस्त फैजान पुत्र राजू से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की भनक दिलदार को लग गई थी। उसने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर संबंध जारी रहे।

ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले दिलदार ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, तभी से वह आक्रोश में था। शुक्रवार को इसी बात को लेकर दिलदार और फैजान के बीच गांव के बाहर एक बाग में कहासुनी हुई। गुस्से में आकर दिलदार ने चाकू से फैजान पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी।
इसके बाद वह घर पहुंचा और भाभी इकरा परवीन पर भी हमला कर दिया। भाभी को बचाने आई उसकी 24 वर्षीय बहन मन्नू पर भी उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान इकरा परवीन की मौत हो गई, जबकि मन्नू को हालत नाजुक होने पर कानपुर हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद आरोपी दिलदार खुद थाने पहुंच गया और वारदात की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाग से फैजान का शव बरामद किया गया, जबकि घर से इकरा और मन्नू खून से लथपथ हालत में मिलीं।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह, सीओ सिटी वीर सिंह तथा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य संकलन कराया।
चाकू बरामद, आरोपी हिरासत में
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों की तहरीर पर आरोपी दिलदार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसपी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, घायल युवती का इलाज जारी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
सब तक एक्सप्रेस



