नौरोजाबाद में आनंद उत्सव का आयोजन, परंपरागत खेलों से बिखरी सकारात्मक ऊर्जा

सब तक एक्सप्रेस | नौरोजाबाद
ब्यूरो चीफ: राहुल शीतलानी
तनाव कम कर समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार के उद्देश्य से नौरोजाबाद में अध्यात्म विभाग आनंद संस्थान के निर्देशानुसार भव्य आनंद उत्सव का आयोजन किया गया। नगर परिषद द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम रामलीला मैदान में परंपरागत खेलों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात दौड़, खो-खो, कुर्सी दौड़, रस्साकशी सहित अनेक पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वयं विधायक शिवनारायण सिंह ने स्थानीय लोगों के साथ दौड़ लगाकर किया, वहीं महिलाओं की दौड़ प्रतियोगिता में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कुशल सिंह ने महिला पार्षदों के साथ भाग लेकर आयोजन में नई ऊर्जा भर दी। जनप्रतिनिधियों की इस सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

आनंद उत्सव में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से नगर परिषद अध्यक्ष कुशल सिंह, कार्यक्रम प्रभारी राघव भान सिंह, नगर परिषद के समस्त वार्डों के पार्षदगण एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोजन ने नौरोजाबाद में न केवल मनोरंजन और खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि सामाजिक एकता और सकारात्मक सोच का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया।



