सब तक एक्सप्रेस | फतेहपुर
संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत महर्षि कॉलोनी के पास स्थित एक बाग में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब 68 वर्षीय वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान जयराम मान सिंह के रूप में हुई है, जो बुलेट चौराहे के पास अपने परिवार और नौकरों के साथ रहते थे। परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे एक व्यक्ति उन्हें महर्षि विद्या मंदिर के पास स्थित उनके बाग में ले गया था। कुछ समय बाद उसी व्यक्ति ने परिजनों को फोन कर कहा कि उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
जब परिजन बाग पहुंचे तो वहां जयराम मान सिंह का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तत्काल जांच के निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उस व्यक्ति की तलाश तेज कर दी गई है, जो मृतक को आखिरी बार बाग में लेकर गया था।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस की सक्रियता को देखते हुए लोगों को जल्द खुलासे की उम्मीद है।



