
सब तक एक्सप्रेस।
संभल। जामा मस्जिद सर्वे के दौरान 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के मास्टरमाइंड बताए जा रहे दीपा सराय निवासी शारिक साठा के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार सुबह तहसीलदार धीरेंद्र कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मोहल्ला दीपा सराय स्थित अंजुमन मदरसा के पास उसके आवास पर पहुंची और ढोल पिटवाकर मुनादी कर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की।
प्रशासन ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि आरोपी शारिक साठा का मकान कुर्क किया जा रहा है। साथ ही उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार शारिक साठा संभल हिंसा मामले में नामजद आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश पर उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं असामाजिक गतिविधि (निवारण) अधिनियम के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की गई है, ताकि उस पर कानूनी दबाव बनाया जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और हिंसा फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी जल्द सामने नहीं आता है तो आगे भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार ने बताया कि कुर्क की गई संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। पूरे इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यह संदेश गया है कि हिंसा और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सरकार और प्रशासन पूरी सख्ती से कदम उठा रहा है।



