छत्तीसगढ़ की आयरन फैक्ट्री में भयानक विस्फोट से लगी आग, 6 मजदूरों की मौत

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार स्थित एक स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। इस दुर्घटना में कम से कम 6 मजदूरों की मौत हो गई और 10 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए। आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या मशीनरी में दबाव बढ़ना बताया जा रहा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजर में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में कम से कम 6 मजदूरों की मौत हो गई है और 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।
ये घटना भाटापारा क्षेत्र में स्थित प्राइवेट इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में लगी है। आज (गुरुवार) सुबह लगभग 10 बजे फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री में आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई और कई मजदूर इस आग में झुलस गए।
विस्फोट से मचा हड़कंप
फैक्ट्री के स्पंज आयरन प्लांट के कोल कीलन में विस्फोट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में आग लगने से चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार विस्फोट इतना भयानक था कि आसपास काम कर रहे लोगों को संभलने तक का मौका तक नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। कुछ लोग आग में बुरी तरह से झुलस गए हैं और उनकी हालत काफी नाजुक है।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज करके आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फैक्ट्री में तकनीकी खराबी या मशीनरी में दबाव बढ़ने के कारण विस्फोट की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के बेहतर इलाज की भी बात कही है।



