बिरसिंहपुर पाली में नकली बीड़ी की बिक्री का खुलासा, तीन दुकानों में छापेमारी
कंपनी के कर्मचारियों ने पकड़ी नकली बीड़ी, पुलिस को सूचना नहीं देने पर उठे सवाल

ब्यूरो चीफ – राहुल शीतलानी, उमरिया:
उमरिया। जिले के बिरसिंहपुर पाली नगर में नकली बीड़ी की बिक्री का मामला सामने आने के बाद बाजार और आम लोगों में चर्चा तेज हो गई है। एक नामी बीड़ी कंपनी के कर्मचारियों ने नगर की तीन प्रतिष्ठित किराना दुकानों में छापामार कार्रवाई कर नकली बीड़ी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार कंपनी को पाली क्षेत्र में अपनी ब्रांड की नकली बीड़ी बिकने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते आंतरिक निरीक्षण के दौरान कंपनी के कर्मचारी दुकानों पर पहुंचे और बीड़ी के पैकेट, बंडल व लेबल की जांच की। जांच में पैकिंग, होलोग्राम और कोड में गड़बड़ी पाई गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि बीड़ी नकली है और कंपनी के अधिकृत उत्पादन से इसका कोई संबंध नहीं है। कर्मचारियों ने मौके पर ही नकली बीड़ी को अलग कर अपने कब्जे में ले लिया।
हालांकि, इतनी गंभीर अनियमितता सामने आने के बावजूद मामले को पुलिस या प्रशासन तक नहीं पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने दुकानदारों को समझाइश देकर आपसी सहमति से मामला रफा-दफा कर दिया। इसके बाद नगर में यह सवाल उठने लगा है कि इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद भी कानूनी प्रक्रिया क्यों नहीं अपनाई गई।
स्थानीय व्यापारियों और उपभोक्ताओं का कहना है कि नकली बीड़ी का कारोबार लंबे समय से चल रहा है और यदि ऐसे मामलों को दबाया गया तो यह धंधा और बढ़ सकता है। इससे न केवल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होगा, बल्कि सरकार को भी राजस्व का नुकसान पहुंचेगा।
बाजार में यह चर्चा भी है कि जब कंपनी के कर्मचारी खुद नकली बीड़ी पकड़ रहे हैं तो प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका पर भी सवाल खड़े होते हैं। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लग सके और उपभोक्ताओं का भरोसा बना रहे।



