वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ का आरोप, जाति बदलकर नामों में हेरफेर का मामला उजागर
डुमरियागंज तहसील में करीब 10 मतदाताओं के नाम बदले जाने का दावा, प्रशासन और चुनाव आयोग पर उठे सवाल

संवाददाता: अर्जुन अग्रहरि
सिद्धार्थनगर। जिले की डुमरियागंज तहसील में मतदाता सूची से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते कुछ मतदाताओं की जाति बदलकर उनके नामों में हेरफेर किया गया, ताकि उनका वोट कटवाया जा सके।
पीड़ितों के अनुसार वे अहीर जाति से हैं, लेकिन मतदाता सूची में उन्हें ब्राह्मण दर्शाते हुए नाम के आगे जबरन “पांडे” जोड़ दिया गया। इस गड़बड़ी में करीब 10 मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
पीड़ित मतदाताओं ने पोखरा कानून-गो निवासी प्रिंस पांडे पर इस हेरफेर को कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह सब जानबूझकर किया गया, ताकि उन्हें मतदान के अधिकार से वंचित किया जा सके।
मामले में सुभाष चंद्र यादव ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे हाईकोर्ट का रुख करेंगे। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए हैं।
इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद प्रशासन की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है। फिलहाल स्थानीय स्तर पर मामले की चर्चा तेज है और लोग निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



