नौरोजाबाद पुलिस को बड़ी सफलता, नशीली सिरप बेचने वाला गिरोह पकड़ा
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई, 336 शीशी नशीली सिरप जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

राहुल शीतलानी: ब्यूरो चीफ।
उमरिया/नौरोजाबाद। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नौरोजाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नशीली सिरप की अवैध बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में नशीली सिरप जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के निर्देशन में 27 जनवरी 2026 को थाना नौरोजाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बन्नानाला बरही निवासी नीलेश गुप्ता, अंकित गुप्ता और सूजल गुप्ता अपने घर में अवैध रूप से नशीली सिरप रखकर बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां से 10 शीशी नशीली सिरप बरामद की गई।
पूछताछ में नीलेश गुप्ता ने बताया कि उसने यह सिरप अंशु गुप्ता से खरीदी थी, जो ग्राम देवगवां में पेट्रोल पंप के पास स्थित अपने मकान से नशीली सिरप बेचता था। इसके बाद पुलिस ने वहां छापा मारकर तीन खाकी रंग के कार्टूनों में रखी 326 शीशी नशीली सिरप बरामद की। इस तरह कुल 336 शीशी नशीली सिरप जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में नीलेश गुप्ता (20 वर्ष), अंकित गुप्ता (23 वर्ष), सूजल गुप्ता (21 वर्ष) और अंशु गुप्ता (20 वर्ष) शामिल हैं, सभी निवासी बन्नानाला बरही, थाना नौरोजाबाद क्षेत्र के हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक उमरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमरिया के मार्गदर्शन तथा अनुसंधान अधिकारी पुलिस पाली के निर्देशन में थाना प्रभारी नौरोजाबाद उप निरीक्षक बालेन्द्र शर्मा और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि आगे भी नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



