मानक के विपरीत सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, किया जोरदार विरोध

वरिष्ठ संवाददाता: राम अनुज धर द्विवेदी
सब तक एक्सप्रेस
● पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड द्वारा कराया जा रहा सड़क निर्माण
● पन्नूगंज मेन रोड से निपनिया नहर तक 3 किमी सड़क निर्माण का मामला
सोनभद्र।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पन्नूगंज मेन रोड से ओरगाईं होते हुए निपनिया नहर तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया और मानक के अनुरूप निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। घटिया सामग्री का उपयोग कर केवल नाम मात्र का तारकोल छिड़ककर पेंटिंग की जा रही है, जिससे यह सड़क कुछ ही महीनों में खराब हो जाएगी। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने के साथ ही आईजीआरएस और मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचाने के बावजूद कार्य में कोई सुधार नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि सड़क निर्माण में लगी संस्था द्वारा किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार की जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही सड़क का निर्माण गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को टिकाऊ और सुरक्षित सड़क मिल सके।
विरोध-प्रदर्शन में प्रमुख रूप से लल्लू पटेल, सुनील कुमार सिंह, मुकेश कुमार सिंह, शिवनारायण सिंह, अनिल कुमार सिंह, संतोष कुमार, बलवंत पटेल, रामप्यारे पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।



