मेरठ में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का आधार सेवा केंद्र अब फुटबाल चौक से स्थानांतरित हो गया है।

मेरठ में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का आधार सेवा केंद्र अब फुटबाल चौक से स्थानांतरित हो गया है। यह केंद्र अब सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। यहां नए आधार कार्ड बनवाने, बायोमेट्रिक अपडेट कराने और अन्य सेवाओं के लिए आवेदन किया जा सकता है। प्रतिदिन 400 आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का अधिकृत आधार सेवा केंद्र अब बागपत रोड पर मैफेयर प्लाजा में स्थानांतरित हो गया है। इससे पहले यह फुटबाल चौक पर था। यूआइडीएआइ द्वारा संचालित शहर का एकमात्र यह आधार सेवा केंद्र रविवार समेत सातों दिन खुलेगा। आपरेशनल हेड नीरज ने बताया कि सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक प्रतिदिन आधार संबंधित सभी कार्य किए जाएंगे।
आवेदकों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर एप्वाइंटमेंट मिलता है। इसकी बुकिंग के लिए आनलाइन सुविधा नहीं है। पांच से 17 वर्ष तक बच्चों के लिए बायोमैट्रिक अपडेट निश्शुल्क की जा रही हैं। नया आधार कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। दिव्यांग, गर्भवती महिला व वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर आधार बनेगा। आधार सेवा केंद्र में आठ मशीनें संचालित हैं। प्रतिदिन 400 आधार कार्ड बनाए जाते हैं।
यह देना होगा शुल्क
- मोबाइल नंबर अपडेट, नाम, एड्रेस व जन्म तिथि – 75 रुपये
- बायोमैट्रिक अपडेट – 125 रुपये
- नया आधार कार्ड – शून्य
- 5 से 17 वर्ष के बीच बायोमैट्रिक अपडेट – शून्य
रेगुलर-प्राइवेट परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ी
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने रेगुलर-प्राइवेट वार्षिक प्रणाली के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले 30 जनवरी तक फार्म भरने थे, लेकिन विद्यार्थियों की मांग और फार्म भरने में आ रही समस्याओं को ध्यान में रखते हुए तिथि पांच फरवरी तक बढ़ा दी गई है। वार्षिक परीक्षा प्रणाली के अंतर्गत संचालित सभी संस्थागत और व्यक्तिगत पाठ्यक्रमों की मुख्य परीक्षा सत्र 2025-26 और 2025 की बैक पेपर परीक्षा के लिए फार्म भरवाए जा रहे हैं।
परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित है। बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि पांच फरवरी है। इसके बाद आठ तक 250 रुपये और 8 से 11 फरवरी तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ फार्म भरे जा सकेंगे। छात्रों के फार्म को कालेजों द्वारा 14 फरवरी तक सत्यापित किया जाना है। कालेजों को 16 फरवरी तक यह फार्म विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा कराने होंगे।



