
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। अवध पेटफूड सेलर्स एंड ब्रीडर्स ट्रेड बोर्ड (सम्बद्ध: उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘मेगा पेट कार्निवल’ का रविवार देर शाम भव्य और सफल समापन हुआ। इस आयोजन ने लखनऊ के पालतू पशु प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां बड़ी संख्या में पेट पेरेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्निवल के पहले दिन वृहद कैट शो का आयोजन किया गया, जो प्रसिद्ध वेटनरी डॉक्टर एवं कैट विशेषज्ञ डॉ. एस.ए. खान के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसमें लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों से आए पेट पेरेंट्स ने 100 से अधिक बिल्लियों के साथ सहभागिता की। बिल्लियों की सुंदरता और चंचलता ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही पेट अवेयरनेस और रेबीज जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पालतू पशुओं की देखभाल और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
दूसरे दिन लखनऊ के सबसे बड़े डॉग शो का आयोजन हुआ, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। इस डॉग शो में 40 से अधिक नस्लों के 250 से ज्यादा श्वानों ने हिस्सा लिया। शाम को आयोजित विशेष डॉग फैशन शो में श्वानों की रैंप वॉक और अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा और उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता मौजूद रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे पशु प्रेमियों के लिए एक सराहनीय पहल बताया।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में अवध पेटफूड सेलर्स एंड ब्रीडर्स ट्रेड बोर्ड के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन का नेतृत्व बोर्ड के अध्यक्ष नीरज मूलचंद, उपाध्यक्ष चन्दन शर्मा, सचिव नितिन राठौर और कोषाध्यक्ष मैडी ने किया। बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी और उत्साह के साथ यह मेगा पेट कार्निवल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



