
सब तक एक्सप्रेस।
विशेष संवाददाता: शैलेन्द्र यादव
सीतापुर। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन से संबंधित मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रोल प्रेक्षक एवं मंडलायुक्त लखनऊ मंडल विजय विश्वास पंत ने की। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान निर्वाचक नामावली के अद्यतीकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने, त्रुटि सुधार तथा निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया और आवश्यक प्रपत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई।
रोल प्रेक्षक विजय विश्वास पंत ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाए रखने में सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से एसआईआर फार्म भरवाने में सहयोग करें और अधिक से अधिक नए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. जी., अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



