सड़क हादसे में मदद करने वालों को 25 हजार का इनाम, राहवीर योजना लागू
जिलाधिकारी सीतापुर ने की राहवीर योजना को लेकर अपील

विशेष संवाददाता:शैलेन्द्र यादव।
सीतापुर।सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वाले नागरिकों को अब सम्मान और आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा। भारत सरकार द्वारा संचालित राहवीर योजना को जनपद सीतापुर में प्रभावी रूप से लागू किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने जनपदवासियों से अपील की है कि सड़क हादसे की स्थिति में घायलों की तुरंत मदद करें।
राहवीर योजना के तहत यदि कोई सामान्य नागरिक सड़क दुर्घटना के शिकार व्यक्ति को गोल्डन आवर (पहले एक घंटे) के भीतर नजदीकी अस्पताल या चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाता है और उसकी मदद से घायल की जान बचती है या गंभीर स्थिति में सुधार होता है, तो उस मददगार नागरिक को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

योजना के अंतर्गत सहायता करने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जा सकती है और उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई, पूछताछ या उत्पीड़न से पूर्ण सुरक्षा दी जाएगी। यह योजना सिर की गंभीर चोट, अत्यधिक रक्तस्राव, हड्डी फ्रैक्चर सहित अन्य जीवन-घातक चोटों के मामलों में लागू होगी।
आपकी एक मदद किसी की अनमोल जान बचा सकती है।



