हनीमून मर्डर 2.0: इवनिंग वॉक पर निकले पति की पत्नी ने करवा दी हत्या, कैसे दिया खूनी खेल को अंजाम?

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पत्नी ने शादी के तीन माह बाद ही अपने प्रेमी और दो साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। यह घटना ‘राजा रघुवंशी’ मामले जैसी बताई जा रही है। अंजली ने पति आशीष को इवनिंग वॉक पर ले जाकर प्रेमी संजय से हमला करवाया और फिर गला घोंट दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए अंजली, संजय और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है।
मामले में पत्नी ने शादी के तीन माह बाद ही अपने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। इस हत्याकांड को मध्य प्रदेश के ‘राजा रघुवंशी’ जैसा बताया जा रहा है।
मालूम हो कि राजा रघुवंशी मामले में भी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी थी और हत्याकांड को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था।
पत्नी ने शादी के तीन माह बाद पति की हत्या करवाई
इसी तरह इस मामले में भी पत्नी ने हत्याकांड को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया लेकिन, पुलिस ने मामले का राजफाश करते हुए मृतक अंजली, उसके प्रेमी संजय और दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने बताया कि तीन युवकों को पांच दिन एवं अंजली को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
अंजली और संजय के बीच पिछले सात साल से प्रेम संबंध थे। प्रेम संबंधों की जानकारी अंजली के स्वजन को थी। अंजली की शादी 30 अक्टूबर, 2025 को आशीष से हुई थी।
प्रेमी और दो साथियों संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया
अंजली श्रीगंगानगर में रहकर पढ़ाई करती थी, शादी के बाद अंजली ने पति से आगे की पढ़ाई के लिए फिर से श्रीगंगानगर भेजने के लिए कहा लेकिन, आशीष इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
जनवरी के पहले सप्ताह में अंजली अपने मायके गई, वहां उसने प्रेमी संजय को मिलने के लिए बुलाया और पति की हत्या की साजिश रची।
मायके से ससुराल लौटने के बाद अंजली और आशीष 30 जनवरी की रात खाना खाने के बाद घूमने के लिए बाहर निकले। अंजली ने इस बारे में पहले ही संजय को फोन पर जानकारी दे दी थी।
पुलिस ने घटना का खुलासा कर चार आरोपियों को पकड़ा
अंजली घूमने के लिए आशीष को दूर तक ले गई, वहां पहले से मौजूद संजय ने आशीष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया जिससे वह बेहोश हो गया।
बेहोश होने के बाद अंजली और संजय ने मिलकर मफलर से आशीष का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस दौरान अंजली ने आशीष का मोबाइल एवं खुद के कान के झुमके देकर संजय एवं उसके साथियों को भगा दिया। अंजली खुद भी सड़क पर गिर गई।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, फिर आशीष एवं अंजली की पहचान होने पर स्वजन को जानकारी दी।



