सब तक एक्सप्रेस।
लखीमपुर खीरी। जनपद में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था के बीच नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती ख्याति गर्ग के सामने चुनौतियों का पहाड़ खड़ा है। हत्याओं, अपहरण और बलात्कार जैसी गंभीर घटनाओं से खौफजदा जनपदवासियों ने तत्कालीन पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के स्थानांतरण के बाद राहत की सांस ली है।
जनपद लखीमपुर खीरी भारत-नेपाल सीमा से सटा तराई क्षेत्र का संवेदनशील जिला है, जहां अपराध नियंत्रण हमेशा से बड़ी चुनौती रहा है। बीते कुछ समय में दिनदहाड़े हत्याएं, छात्राओं के अपहरण और सामूहिक बलात्कार की घटनाओं ने आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का आरोप है कि पूर्व पुलिस अधीक्षक की कमजोर नीतियों के कारण अपराधी बेखौफ हो गए थे।
नव नियुक्त 2013 बैच की आईपीएस अधिकारी एवं एमबीबीएस चिकित्सक श्रीमती ख्याति गर्ग से अब पीड़ित परिवारों को न्याय की उम्मीद है। जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके जख्मों पर मरहम लगाना और दोषियों को सख्त सजा दिलाना नई पुलिस अधीक्षक की सबसे बड़ी परीक्षा होगी।
अब देखना यह होगा कि नवागत पुलिस मुखिया ख्याति गर्ग किस हद तक जनपदवासियों के दिलों से भय निकालकर भरोसा कायम कर पाती हैं। यह जिम्मेदारी न सिर्फ चुनौतीपूर्ण है, बल्कि जनहित से सीधे जुड़ी हुई भी है।



