
विशेष संवाददाता: राहुल शीतलानी
शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शहडोल आगमन से पहले ही जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान काले झंडे दिखाने और जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी और ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता धनपुरी क्षेत्र में एकत्र हुए थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिस वाटर पार्क का उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना है, वह भ्रष्टाचार से बना है और नगर पालिका में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं।

कांग्रेस ने अवैध कोयला उत्खनन, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता न मिलने, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, दूषित पेयजल, अवैध रेत खनन, जुआ-सट्टा और किसानों को खाद न मिलने जैसी समस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराने की बात कही।
नारेबाजी के बीच काले झंडे दिखाने का प्रयास कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बुढार पुलिस ने हिरासत में लेकर शहडोल भेज दिया। कांग्रेस का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से जनता की समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने कार्यक्रम से पहले ही उन्हें रोक दिया।



