उमरियाटॉप न्यूजबड़ी खबरभोपालमध्य प्रदेशमानपुर

पुलिया के नीचे गिरने से युवक की मौत

तेज रफ्तार बनी काल, अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराकर पुलिया के नीचे गिरी

विशेष संवाददाता : राहुल शीतलानी।
मानपुर। जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ताला–मानपुर स्टेट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। ग्राम धमोंखर के पास स्थित पुलिया के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर पुलिया के नीचे जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ताला चौकी प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मनीष सिंह के रूप में हुई है। वह ग्राम जगुआ करेला, जिला कटनी का निवासी था और मानपुर में रहकर जियो कंपनी में कार्यरत था। मनीष बाइक से नौरोजाबाद की ओर जा रहा था। धमोंखर के पास पुलिया के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे यह हादसा हो गया।
हादसे के समय सड़क पर आवाजाही कम थी, इसलिए घटना की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। कुछ देर बाद राहगीरों ने पुलिया के नीचे गिरी बाइक और शव को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ताला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दी गई। युवक की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है, वहीं गांव और कार्यस्थल पर भी मातम पसरा हुआ है।
प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और बाइक का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और पुलिया के आसपास सुरक्षा इंतजाम व संकेतक न होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!