
ब्यूरो चीफ – सतीश पाण्डेय
सोनभद्र। विधानसभा क्षेत्र 401 के सदर ब्लॉक अंतर्गत लसड़ा गांव में स्थित राइस मिलों द्वारा चिमनियों से लगातार उड़ाई जा रही राख और कचरे से फैले वायु प्रदूषण के विरोध में शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में मोर्चा के हजारों कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदूषण के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने कहा कि राइस मिलों से निकलने वाली राख और कचरे के कारण आम लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है, कई लोग दमा जैसी गंभीर बीमारियों के शिकार हो चुके हैं, वहीं किसानों की फसलें भी नष्ट हो रही हैं। उन्होंने बताया कि पाली, बिजौली, हरहुआ, अमौली, लसड़ा, अकछोर, रमना, बगार, धोबही, करारी, सिरपालपुर, बेठीगांव सहित लगभग 15 से 20 गांवों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है।

आरोप लगाया गया कि राइस मिल संचालकों द्वारा सिरोही नदी को पाटकर अतिक्रमण किया गया है, जिससे नदी की निर्मलता और अविरलता पूरी तरह प्रभावित हो रही है। सिरोही नदी बेलन नदी की सहायक नदी है, ऐसे में भविष्य में बेलन नदी के भी प्रदूषित होने का खतरा है। इसके साथ ही मिलों से जुड़ी भारी गाड़ियों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
मोर्चा ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में विजेंद्र पाण्डेय, संतोष पाण्डेय, अरुण पाण्डेय, सोनू पासवान, राजू लोहार, ऋषभ चौबे, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, राम आसरे कनौजिया, दिनेश चेरो, काजू, संदीप फूलगेना, अतवारी, सुनील, चुटकुल, मुराहु, अजय सैनी सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
संवाददाता:



