
ब्यूरो चीफ उमरिया: राहुल शीतलानी।
उमरिया। जिले में मंगलवार 10 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। इसी क्रम में मुख्यालय स्थित कॉलरी स्कूल के परीक्षा केंद्र पर उस समय लोगों की उत्सुकता बढ़ गई, जब पुलिस सुरक्षा के बीच एक विचाराधीन बंदी कक्षा 12वीं का पेपर देने पहुंचा। पुलिस बंदी को परीक्षा केंद्र तक लेकर आई, परीक्षा संपन्न कराने के बाद उसे वापस जिला जेल उमरिया भेज दिया गया।
परीक्षा देने वाला बंदी स्वराज पब्लिक स्कूल उमरिया का कक्षा 12वीं का छात्र सुजान खान, पिता मो. खालिक, उम्र 18 वर्ष है। बताया गया कि करीब चार माह पूर्व वह एक आपराधिक प्रकरण में फंस गया था, जिसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल उमरिया भेज दिया गया।
इसी दौरान जिला जेल उमरिया के अधीक्षक डी.के. सारस ने बातचीत के दौरान सुजान से उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली, जिस पर छात्र ने आगामी बोर्ड परीक्षा देने की इच्छा जाहिर की। जेल अधीक्षक ने मानवीय दृष्टिकोण और बंदी अधिकारों को ध्यान में रखते हुए न्यायालय में प्रक्रियागत आवेदन प्रस्तुत किया।
न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद पुलिस सुरक्षा में सुजान खान को परीक्षा केंद्र लाया गया, जहां उसने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा दी। परीक्षा के बाद उसे पुनः जिला जेल भेज दिया गया।
इस घटना को लेकर परीक्षा केंद्र में मौजूद लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और इसे शिक्षा के अधिकार और मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण बताया।



