
प्रयागराज/वाराणसी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP बोर्ड) ने 18 फरवरी से शुरू हो रही हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षाओं को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी छात्र की उत्तर पुस्तिका में रुपये या कोई नोट पाया जाता है, तो संबंधित छात्र के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड के अनुसार, पिछले वर्षों में ऐसे मामले सामने आए थे, जिनमें कुछ छात्र परीक्षा के दौरान अपनी कॉपी में रुपये रख देते थे, ताकि उन्हें पास कर दिया जाए। इस प्रवृत्ति पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अब जवाबदेही तय कर दी गई है।
परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन कराएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत रिपोर्ट करें।
बोर्ड का कहना है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, ताकि छात्र निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा दे सकें।
— सब तक एक्सप्रेस



