
संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य/ फतेहपुर।
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा की गई तथा ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिक्षा से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधूरे मानकों को तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत विद्यालयों में लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और खंड विकास अधिकारियों को आगामी माह तक टाईलीकरण का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
कम छात्र उपस्थिति पर चिंता जताते हुए डीएम ने अभिभावकों से संपर्क कर जागरूकता बढ़ाने तथा ‘कॉलिंग रजिस्टर’ में अनुपस्थिति का कारण दर्ज करने को कहा। डिजिटलीकरण को बढ़ावा देते हुए स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी और टीएलएम किट के शत-प्रतिशत उपयोग के निर्देश दिए गए। जिन शिक्षकों का डिजिटल प्रशिक्षण शेष है, उसे शीघ्र पूरा कर डिजिटल कंटेंट के माध्यम से शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधोसंरचना की समीक्षा करते हुए जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण में तेजी लाने और पीएम श्री विद्यालयों के निर्माण कार्यों की फोटो सहित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही निपुण भारत मिशन के अंतर्गत कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों का प्रतिमाह शत-प्रतिशत आकलन सुनिश्चित करने और दिव्यांग बच्चों के प्रमाण पत्र व आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस सुश्री नौशीन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ लक्ष्य पूर्ण करें, ताकि शिक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार दिखाई दे।
— सब तक एक्सप्रेस



