
सब तक एक्सप्रेस।
लखनऊ। City Montessori School (सीएमएस) के छात्रों ने जेईई मेन-2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। अब तक प्राप्त परिणामों के अनुसार विद्यालय के 18 छात्रों ने 99 परसेंटाइल से अधिक अंक अर्जित किए हैं। इनमें सीएमएस कानपुर रोड कैम्पस के छात्र तेजस राज ने सर्वाधिक 99.70 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय के हेड कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने बताया कि अभी सभी परिणाम घोषित नहीं हुए हैं और उम्मीद है कि और भी छात्र कटऑफ से अधिक अंक प्राप्त करेंगे। पिछले वर्ष 2025 का जनरल कटऑफ 93.10 परसेंटाइल था, जिसकी तुलना में अब तक 33 छात्रों ने उससे अधिक अंक हासिल किए हैं।
सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने सफल छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षकों की सराहना की। वहीं प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के ‘जय जगत सेक्शन’ को दिया, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जाती है।
तेजस राज ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया और भविष्य में आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने की इच्छा जताई। अन्य प्रमुख सफल छात्रों में अभ्युदय सार्थक (99.67), भानु प्रकाश वर्मा (99.67), अनुज जैन (99.68) सहित कई मेधावी छात्र शामिल हैं। सभी छात्रों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शैक्षिक वातावरण और शिक्षकों को दिया है।
सीएमएस के इस प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है और इसे शहर के लिए गर्व की उपलब्धि माना जा रहा है।
सब तक एक्सप्रेस



