अंतरराष्ट्रीय

मध्यावधि चुनाव से पहले ट्रंप ने थपथपाई अपनी पीठ, गिनाई खुद की उपलब्धियां; दिया 107 मिनट तक भाषण

ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव से पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में अपनी उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने अमेरिका में ‘स्वर्ण युग’ का दावा करते हुए अर्थव्यवस्था, रोजगार और विदेश नीति में सफलताओं पर जोर दिया।

HighLights

  1. ट्रंप ने 107 मिनट के भाषण में अपनी उपलब्धियां गिनाईं।
  2. ईरान पर हमलावर रुख, भारत-पाक युद्ध रोकने का दावा किया।
  3. अर्थव्यवस्था, रोजगार और अवैध प्रवासियों पर भी बात की।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले जमकर अपनी पीठ थपथपाई है। ट्रंप ने मंगलवार को संसद में अपने ”स्टेट आफ द यूनियन” संबोधन के दौरान दावा किया कि उन्होंने अमेरिका में स्वर्ण युग की शुरुआत की है।

अपनी गिरती लोकप्रियता और मतदाताओं की बढ़ती निराशा के बावजूद उन्होंने सफलता का आभास कराने की कोशिश की। रिपब्लिकन सांसदों की इस ¨चता को ध्यान में रखते हुए कि पार्टी इस साल के अंत में संसदीय बहुमत खो सकती है, ट्रंप ने अर्थव्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया।

कहा कि उन्होंने मुद्रास्फीति को कम किया है, शेयर बाजार को रिकार्ड ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, व्यापक टैक्स कटौती के समझौते किए हैं और दवाओं की कीमतें कम की हैं। एपी के अनुसार, ट्रंप का मुख्य उद्देश्य अमेरिकियों को यह विश्वास दिलाना था कि अर्थव्यवस्था कई लोगों की धारणा से कहीं अधिक मजबूत है।

लोगों को मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन करके अर्थव्यवस्था को और मजबूत करना चाहिए। इस प्रक्रिया में उन्होंने अपना ही रिकार्ड तोड़ दिया और पिछले साल संसद के संयुक्त सत्र के समक्ष दिए गए 100 मिनट के भाषण से भी अधिक लंबा भाषण दिया।

ट्रंप का 107 मिनट का भाषण अमेरिकी इतिहास में सबसे लंबा स्टेट आफ यूनियन संबोधन है। मंच पर आते ही ट्रंप ने कहा कि हमारा देश वापस आ गया है-पहले से कहीं बेहतर, समृद्ध और मजबूत। इस दौरान रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने ”यूएसए, यूएसए” के नारे लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया, जबकि डेमोक्रेट सांसद चुपचाप बैठे रहे।

ट्रंप ने कहा कि देश में रोजगार और विनिर्माण क्षेत्र में तेजी आई है, जबकि विदेश में हमने एक नई विश्व व्यवस्था लागू की है। हमारा देश फिर से जीत रहा है। वास्तव में हम इतनी बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं कि हमें समझ नहीं आ रहा कि क्या करें। लोग मुझसे कह रहे हैं-प्लीज, प्लीज, प्लीज..राष्ट्रपति महोदय, हम बहुत बड़ी जीत हासिल कर रहे हैं। अब और बर्दाश्त नहीं कर सकते।

रायटर के अनुसार, ट्रंप ने ईरान पर संभावित हमले के पक्ष में तर्क देते हुए कहा कि वह ”दुनिया के सबसे बड़े आतंकवाद प्रायोजक” को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं देंगे। ट्रंप ने अब तक अमेरिकी जनता को यह समझाने के लिए कुछ खास नहीं किया था कि वह 1979 की क्रांति के बाद से इस्लामी गणराज्य के खिलाफ अमेरिका को सबसे आक्रामक कार्रवाई की ओर क्यों ले जा रहे हैं।

मंगलवार को अपने संबोधन में ट्रंप ने तेहरान द्वारा आतंकवादी समूहों को समर्थन, प्रदर्शनकारियों की हत्या और देश के मिसाइल और परमाणु कार्यक्रमों को पश्चिम एशिया और अमेरिका के लिए खतरा बताया। कहा कि ईरानी शासन और उसके हत्यारे गुर्गों ने आतंकवाद, मौत और नफरत के सिवा कुछ नहीं फैलाया है।

उन्होंने ईरान पर परमाणु कार्यक्रम फिर से शुरू करने और ऐसी मिसाइलें बनाने का आरोप लगाया जो जल्द ही अमेरिका तक पहुंचने में सक्षम होंगी। प्रेट्र के अनुसार, ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उन्हें बताया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के लिए उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो 3.5 करोड़ लोग मारे गए होते।

अपने भाषण में ट्रंप ने इस दावे को दोहराया कि उन्होंने दक्षिण एशिया के इन दोनों पड़ोसी देशों के बीच परमाणु युद्ध को रोकने में मदद की थी। हालांकि, भारत ने ट्रंप के इस दावे को लगातार खारिज किया है। ट्रंप को यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े मामले से उबरने में काफी संघर्ष करना पड़ा।

विपक्षी डेमोक्रेट ने एपस्टीन पर दु‌र्व्यवहार का आरोप लगाने वाले कई लोगों को आमंत्रित किया है। कई डेमोक्रेटिक महिलाओं ने ”फाइलें जारी करो” लिखे टैग पहन रखे थे, जो एपस्टीन मामले के संदर्भ में था। एपस्टीन पर आरोप लगाने वाली लगभग एक दर्जन महिलाएं डेमोक्रेटिक पार्टी के मेहमान के रूप में उपस्थित थीं।

भारतीय ट्रक चालक के कारण घायल लड़की का भी जिक्र किया

अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे एक भारतीय ट्रक चालक द्वारा कई वाहनों को टक्कर मारने के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई एक छोटी बच्ची का भी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने भाषण के दौरान जिक्र किया। इस दुर्घटना में दलीला कोलमैन को गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के समय कोलमैन सिर्फ पांच साल की थी।

राष्ट्रपति ने कहा, चालक एक अवैध प्रवासी था, जिसे जो बाइडन ने देश में आने दिया था और कैलिफोर्निया के खुली सीमा नीति समर्थकों ने उसे वाणिज्यिक चालक का लाइसेंस दिया था। हालांकि, ट्रंप ने चालक की पहचान नहीं बताई। पिछले साल अगस्त में अमेरिका में अवैध रूप से आए प्रताप ¨सह को कैलिफोर्निया में 18 पहियों वाले ट्रैक्टर-ट्रेलर चलाते समय कई वाहनों को टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

ट्रंप के दावे और उनकी हकीकत

महंगाई पर -ट्रंप का कहना है कि डेमोक्रेटिक पार्टी की नीतियों ने महंगाई को जन्म दिया। हमारी नीतियां इसे तेजी से कम कर रही हैं।-कीमतें अब भी बढ़ रही हैं, लेकिन पिछले साल की शुरुआत में ट्रंप के सत्ता संभालने के बाद से मुद्रास्फीति की दर धीमी हो गई है। जनवरी 2026 तक के 12 महीनों में यह 2.4 प्रतिशत थी, जो राष्ट्रपति बाइडन के कार्यकाल के अंतिम वर्ष के 3 प्रतिशत से कम है।

ईंधन पर-अधिकांश राज्यों में पेट्रोल की कीमत अब 2.30 अमेरिकी डालर प्रति गैलन से कम है। कुछ जगहों पर 1.99 डालर प्रति गैलन है।-आटोमोबाइल एसोसिएशन के अनुसार, 24 फरवरी तक अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत 2.95 डालर प्रति गैलन थी। केवल ओक्लाहोमा में ही 2.37 डालर प्रति गैलन की औसत कीमत है। यह सबसे कम औसत कीमत वाला राज्य है।

रोजगार पर -हमारे देश के इतिहास में आज जितने अमेरिकी काम कर रहे हैं, उतने पहले कभी नहीं काम कर रहे थे।-जनवरी 2026 तक 15.8 करोड़ से अधिक लोग रोजगार में थे, जो अब तक का सबसे उच्च आंकड़ा है। लेकिन, जनसंख्या भी सबसे ज्यादा है-34.2 करोड़ से अधिक। वास्तव में ट्रंप के कार्यकाल में बेरोजगारी दर थोड़ी बढ़ी है। दिसंबर 2024 (बाइडन का कार्यकाल) के 4.1 प्रतिशत से बढ़कर जनवरी 2026 में 4.3 प्रतिशत हो गई है

निवेश पर-12 महीनों में मैंने दुनिया भर से 18 ट्रिलियन डालर से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता हासिल की।-इस बड़ी रकम का समर्थन करने वाला कोई सार्वजनिक रूप से उपलब्ध प्रमाण नहीं है। व्हाइट हाउस की एक वेबसाइट 9.7 ट्रिलियन डालर निवेश की जानकारी देती है, जो राष्ट्रपति के दावे से काफी कम है।

घुसपैठ पर-पिछले नौ महीनों में एक भी अवैध प्रवासी को अमेरिका में प्रवेश करने नहीं दिया गया है।यदि ट्रंप का तात्पर्य हिरासत से रिहा किए गए प्रवासियों से था-यानी अमेरिका में प्रवेश करने के बाद..तो यह बात सही है। गृह सुरक्षा विभाग ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि लगातार नौवें महीने अमेरिकी सीमा गश्ती दल ने एक भी अवैध प्रवासी को अमेरिका में प्रवेश करने नहीं दिया है।

युद्ध रुकवाने पर-अपने पहले 10 महीनों में मैंने आठ युद्ध समाप्त करवाए।-व्हाइट हाउस ने इन ”युद्धों” की सूची में इजरायल और हमास, पाकिस्तान और भारत, रवांडा और कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, थाईलैंड और कंबोडिया, आर्मेनिया और अजरबैजान, मिस्त्र और इथियोपिया तथा सर्बिया और कोसोवो के बीच हुए युद्धों को शामिल किया है।

ट्रंप इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम कराने का श्रेय ले सकते हैं, लेकिन यह कहना सही नहीं है कि उन्होंने आठ युद्ध समाप्त किए हैं। इनमें से कई ”युद्ध” कुछ ही दिनों तक चले, हालांकि ये लंबे समय से चले आ रहे तनावों का परिणाम थे। भारत ने भी पाकिस्तान से संघर्ष रुकवाने में ट्रंप की भूमिका से इन्कार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!