मरदरी गौशाला में फिर लापरवाही, एक गाय की संदिग्ध मौत
शारदा स्वसहायता समूह पर आरोप, तीन घंटे तक पड़ा रहा शव; ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई और ब्लैकलिस्ट की मांग

राहुल शीतलानी:उमरिया।
जिले के जनपद करकेली अंतर्गत ग्राम मरदर स्थित गौशाला में एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है। शारदा स्वसहायता समूह द्वारा संचालित गौशाला में एक गाय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे संचालन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार 1 मार्च को जिला पंचायत सीईओ का गौशाला निरीक्षण प्रस्तावित था, लेकिन रविवार होने के कारण उनका आगमन नहीं हो सका। इसी दिन दोपहर करीब 1 बजे एक गाय की मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगभग तीन घंटे तक समूह को इस घटना की जानकारी ही नहीं थी और मृत गाय का शव वहीं पड़ा रहा, जिससे निगरानी और देखरेख व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला के शुरुआती दिनों में भी लापरवाही की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इस मामले में पशु चिकित्सा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। संबंधित अधिकारियों ने अनभिज्ञता जताते हुए तत्काल कार्रवाई से पल्ला झाड़ लिया।
स्थानीय नागरिकों ने शारदा स्वसहायता समूह के पदाधिकारियों व सदस्यों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई करने तथा समूह को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। गौसंरक्षण को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बीच इस तरह की घटनाएं व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रही हैं।



