कोयले पर ‘पानी का खेल’! नौरोजाबाद कोल माइंस की सप्लाई व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
वजन बढ़ाने के लिए अधिक पानी छिड़काव के आरोप, जांच की मांग तेज

ब्यूरो चीफ उमरिया: राहुल शीतलानी
उमरिया। जिले के नौरोजाबाद स्थित एसईसीएल कोल माइंस एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार मामला कोयले की गुणवत्ता नहीं, बल्कि उसके वजन को लेकर उठ रहे गंभीर आरोपों का है। सूत्रों के मुताबिक पावर प्लांट्स को भेजे जा रहे कोयले पर जरूरत से अधिक पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे उसका वजन कृत्रिम रूप से बढ़ाया जा सके।
जानकारों का कहना है कि सामान्य तौर पर कोयले पर हल्का पानी छिड़काव धूल नियंत्रण और सुरक्षा के लिए किया जाता है, लेकिन यहां इस प्रक्रिया के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि कोयले को जानबूझकर अधिक भिगोया जा रहा है, ताकि रेक में लोड वजन ज्यादा दिखे और सप्लाई आंकड़ों में हेरफेर संभव हो सके।

इस पूरे मामले में स्थानीय साइड इंचार्ज और सेल्स मैनेजर की भूमिका भी सवालों के घेरे में बताई जा रही है। चर्चा यह भी है कि बिना उच्च स्तर की जानकारी के इस तरह की अनियमितता संभव नहीं है, इसके बावजूद अब तक किसी पर स्पष्ट जिम्मेदारी तय नहीं हो पाई है।
यदि ये आरोप सही साबित होते हैं, तो इसका सीधा असर सरकारी राजस्व और पावर प्लांट्स की कार्यक्षमता पर पड़ सकता है। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।



