NZ vs SA 5th T20I: विश्व कप के बाद न्यूजीलैंड ने गंवाई टी20 सीरीज, साउथ अफ्रीका ने घर में घुसकर दी मात

कॉनर एस्टरहुइजेन की तूफानी पारी के साथ ही गेराल्ड कोएत्जे की किफायती गेंदबाजी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने 5 मैचों की सीरीज के आखिरी टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 33 रन से शिकस्त दी।
- साउथ अफ्रीका ने 3-2 से जीती सीरीज
- कॉनर एस्टरहुइजेन ने की कमाल की बैटिंग
- गेंदबाजी में छाए गेराल्ड कोएत्जे
विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजेन की तूफानी पारी के साथ ही गेराल्ड कोएत्जे की किफायती गेंदबाजी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने 5 मैचों की सीरीज के आखिरी टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 33 रन से शिकस्त दी। टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में हार के बाद अब कीवी टीम ने टी20 सीरीज भी गंवा दी है।
पहले मैच में हार के बाद न्यूजीलैंड ने जोरदार वापसी की थी और दूसरे-तीसरे टी20 पर कब्जा जमाया। हालांकि, इसके बाद प्रोटियाज टीम ने अगले दोनों मुकाबजों में जीत अर्जित कर सीरीज पर कब्जा जमा लिया। कॉनर एस्टरहुइजेन प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।
क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में बुधवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 187 रन बनाए। टीम की शुरुआत औसत रही और चौथे ओवर में टोनी डी जोरजी (12) LBW आउट हुए। इसके बाद वियान मुल्डर और रुबिन हरमन (39) के बीच दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों पर 55 रन की साझेदारी हुई। 11वें ओवर की पहली गेंद पर मुल्डर (31) कैच आउट हुए।
कॉनर ने ठोके 75 रन
4 नंबर पर उतरे कॉनर एस्टरहुइजेन ने कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने 227.27 की स्ट्राइक रेट से 33 गेंदों पर 75 रन कूट दिए। अपनी इस पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज ने 5 चौकों के साथ ही 6 हवाई छक्के लगाए। डियान फॉरेस्टर (21) और जेसन स्मिथ 1 रन बनाकर नाबाद रहे। बेन सियर्स ने 2 विकेट चटकाए।
154 रन ही बना सकी टीम
- 188 रन चेज करने उतरी न्यूजीलैंड टीम निर्धारित ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन ही बना सकी।
- बेवॉन जैकब्स ने सबसे ज्यादा 36 रनों की पारी खेली।
- उनके अलावा कप्तान जेम्स नीशम ने 24 और डेन क्लीवर ने 22 रन बनाए।
- टिम रॉबिन्सन 25 के स्कोर पर रन आउट हुए। साउथ अफ्रीका की ओर से गेराल्ड कोएत्जे ने कमाल की गेंदबाजी की।
- उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
- वियान मुल्डर और ओटनेल बार्टमैन को भी 2-2 सफलताएं मिलीं। कप्तान केशव महाराज ने 1 विकेट चटकाया।



