उमरिया | ब्यूरो चीफ राहुल शीतलानी (सब तक एक्सप्रेस):
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बिरसिंहपुर पाली में रामनवमी का पर्व पूरे श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। मां बिरासिनी के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मातारानी को भोग-प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नवरात्रि के समापन अवसर पर मां काली और खप्पर की पूजा के साथ पारंपरिक जवारा विसर्जन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा के रूप में सगरा तालाब स्थित विसर्जन कुंड तक पहुंचे, जहां विधिपूर्वक जवारे, ज्योति, घी और तेल का विसर्जन किया गया।

बताया गया कि इस वर्ष कुल 12,595 मनोकामना कलश स्थापित किए गए थे, जिनका विसर्जन परंपरा के अनुसार सम्पन्न कराया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की सबसे खास झलक तब देखने को मिली, जब मां बिरासिनी सेवा समिति द्वारा हेलीकॉप्टर के माध्यम से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कराई गई। इस अनूठे आयोजन ने पूरे माहौल को भक्तिमय और यादगार बना दिया।
वहीं, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कार्यक्रम स्थल और प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
यह भव्य आयोजन न केवल स्थानीय परंपराओं और आस्था का प्रतीक बना, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत करता नजर आया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।



