
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य।
फतेहपुर जनपद में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को थाना राधानगर में माह के चतुर्थ शनिवार पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक स्वयं मौके पर पहुंचे और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
समाधान दिवस में एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद के अन्य थानों पर भी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों द्वारा समाधान दिवस आयोजित कर लोगों की शिकायतें सुनी गईं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस दौरान कुल 81 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 57 मामले राजस्व विभाग से जुड़े और 24 मामले पुलिस विभाग से संबंधित रहे। इनमें से 5 राजस्व और 3 पुलिस मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि समाधान दिवस जनता और प्रशासन के बीच भरोसे का माध्यम है, जहां हर शिकायत को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
