
सब तक एक्सप्रेस | नई दिल्ली ब्यूरो
देश के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को संबोधित एक औपचारिक पत्र के माध्यम से सौंपा।
धनखड़ ने अपने पत्र में लिखा है कि वे चिकित्सा परामर्श का पालन करते हुए और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उपराष्ट्रपति पद से त्यागपत्र दे रहे हैं। यह इस्तीफा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 67(क) के अंतर्गत प्रभावी माना गया है।
अपने पत्र में उन्होंने राष्ट्रपति को उनके कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और सौहार्दपूर्ण कार्य-सम्बंधों के लिए गहन कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के प्रति भी आभार जताते हुए कहा कि उनसे उन्हें अमूल्य सहयोग और सीख मिली।
उपराष्ट्रपति ने सांसदों से मिले स्नेह, विश्वास और अपनत्व को स्मरणीय बताते हुए कहा कि यह अनुभव उनके मन में सदा अंकित रहेगा। उन्होंने इस गरिमामय पद पर काम करने को भारत के लोकतंत्र में एक महान अवसर बताया।
धनखड़ ने पत्र के अंत में कहा कि भारत की वैश्विक प्रगति और उपलब्धियों पर उन्हें गर्व है और वे देश के उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूर्ण रूप से आश्वस्त हैं।
श्री जगदीप धनखड़ वर्ष 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने थे। वे अपने स्पष्ट विचारों और संवैधानिक मर्यादाओं के पालन के लिए व्यापक रूप से सराहे जाते रहे हैं।
अब देश की निगाहें नए उपराष्ट्रपति की नियुक्ति की प्रक्रिया पर टिकी हैं।