PSL Controversy: गेंद से छेड़छाड़ के आरोप में फखर जमान पर 2 मैच का बैन, खिलाड़ी ने दी चुनौती

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में एक बड़ा विवाद सामने आया है, जहां फखर जमान पर गेंद से छेड़छाड़ (बॉल टैंपरिंग) के आरोप में दो मैचों का प्रतिबंध लगाया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की।
यह मामला रविवार को Pakistan Super League के दौरान लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले से जुड़ा है। मैच के अंतिम ओवर से ठीक पहले अंपायरों को गेंद की स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद टीम पर पांच रन का पेनल्टी लगाया गया और गेंद को बदल दिया गया।
मैच रेफरी ने फखर जमान को लेवल-3 के उल्लंघन का दोषी पाया। उन पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.14 के उल्लंघन का आरोप है, जो गेंद की स्थिति में बदलाव से संबंधित है।
हालांकि, फखर जमान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने अनुशासनात्मक सुनवाई में अपनी बेगुनाही का दावा किया और अब इस निलंबन को चुनौती भी दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने औपचारिक अपील दायर करने का फैसला किया है।
इस मामले में ऑन-फील्ड अंपायरों के साथ-साथ टीवी अंपायर और चौथे अंपायर ने भी घटना की पुष्टि की थी। सुनवाई के दौरान टीम कप्तान शाहीन शाह अफरीदी समेत टीम मैनेजमेंट भी मौजूद रहा।
यह विवाद PSL के मौजूदा सीजन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, जहां पहले से ही अनुशासन और खिलाड़ियों के व्यवहार पर सवाल उठते रहे हैं।


