
उमरिया | ब्यूरो चीफ राहुल शीतलानी
भारतीय जनता पार्टी जिला उमरिया के नौरोजाबाद मंडल में शनिवार से दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन गुरुद्वारा स्थित सामुदायिक भवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर आधारित प्रशिक्षण के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसका समापन 5 अप्रैल को होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद ज्ञान सिंह, बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण वर्ग के पहले सत्र में विधायक शिवनारायण सिंह ने भाजपा के इतिहास और विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी राष्ट्रवाद, मजबूत सुरक्षा और सेवा भावना के सिद्धांतों पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सदस्यता के आधार पर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है।

दूसरे सत्र में पूर्व जिला अध्यक्ष मिथलेश पयासी ने कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को संगठन की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और बूथ स्तर की मजबूती ही चुनाव में सफलता दिलाती है।
कार्यक्रम में राजेंद्र तिवारी ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा है। इसके साथ ही अर्जुन सिंह और सुमित गौतम ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बीएलए-2 और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



