सोनभद्र (वरिष्ठ संवाददाता राम अनुज धर द्विवेदी):
जनपद के चोपन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भरहरी निवासी नवाचारी शिक्षक एवं साहित्यकार बृजेश कुमार सिंह को “ग्लोबल डायमंड आइकन अवार्ड–2026” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भव्या फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन के दौरान राजस्थान के जयपुर स्थित सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी के कालिंदी ऑडिटोरियम में 5 अप्रैल को प्रदान किया गया।
इस भव्य कार्यक्रम में 15 देशों के लगभग 200 विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, जिसमें बृजेश कुमार सिंह ने भी अपनी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराते हुए सोनभद्र जिले का नाम रोशन किया।

बृजेश कुमार सिंह वर्तमान में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी, नगवां में वरिष्ठ शिक्षक एवं ब्लॉक स्काउट मास्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और दीर्घकालीन उपलब्धियों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
उनका कार्य केवल कक्षा शिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालय के विकास, नवाचार और छात्रों के सर्वांगीण उत्थान तक विस्तृत है। पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने में भी उनका विशेष योगदान रहा है। उनका संदेश “जहाँ है हरियाली, वहाँ है खुशहाली” समाज को सकारात्मक दिशा देता है।
इस अवसर पर भव्या फाउंडेशन के संस्थापक शैलेन्द्र माथुर एवं निदेशक डॉ. निशा माथुर ने उन्हें सम्मानित किया। उनके इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



